साबूदाने की लापसी

स्नेहा, नव्या आज में तुम्हे साबूदाने की लापसी बनाना सिखाने जा रही हूँ। वैसे तो लापसी गेंहू के दलिए से बनती है परन्तु में आज इन्हें साबुदानो से बनाने जा रही हूँ जिसका उपयोग व्रत और उपवास में भी किया जा सकता है।

सामग्री:

  • साबूदाने – 1 कटोरी
  • घी – 1 टेबल स्पून
  • गुड़ (कद्दूकस किया हुआ) – तीन चोथाई कटोरी
  • सौंफ – 1 टी स्पून
  • नारियल का बूरा – 1 टेबल स्पून
  • कटे हुए काजू बादाम – 1 टेबल स्पून
  • पानी – आवश्यकता अनुसार

विधि:

  1. सबसे पहले हम साबूदाने को पानी से धोकर कर छान लेंगे और 7, 8 घंटे भीगने देंगे।
  2. अब एक नॉन स्टिक पैन में घी गरम कर लेंगे और भीगे हुए साबूदाने डाल कर हलके से भून लेंगे।
  3. अब इसमें दो टेबल स्पून पानी और सौंफ डालकर धीमी आंच पर ढक्कन लगा कर पकने देंगे।
  4. जब साबूदाना पक जाये तब उसमें गुड़ डाल कर मिक्स करेंगे और गुड़ घुल जाये और पानी बिलकुल भी नहीं रहे तब गैस बंद कर देंगे।
  5. अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम और नारियल का बूरा डाल देंगे।
  6. हमारी साबूदाने की लापसी बन कर तैयार है।

सुझाव:

  1. साबूदाने ठीक से भीगे हुए होने चाहिए वर्ना गुड के डालने के बाद साबूदाने सख्त हो जायेंगे।