अचारी लाल मिर्च और लहसुन की राजस्थानी चटनी

स्नेहा/नव्या, आजकल बाजार में अचारी लाल मिर्च बहुत मिल रही है। आज मैं तुम्हे अचारी लाल मिर्च की बड़ी आसानी से बनने वाली एक अलग तरह की स्वादिष्ट चटनी सीखाने जा रही हूँ। विडियो देखने के लिए निम्न विडियो-लिंक पर क्लिक करें।

सामग्री:

  • अचारी लाल मिर्च – 8
  • लहसुन कलियां – 30
  • नमक – 1/2 टीस्पून
  • कुकिंग आयल – 2 टेबल स्पून

विधि:

  1. अचारी मिर्च को पानी से धोकर साफ कपड़े से पोंछ लेंगे। उसके डंठल काट कर बीज हटा लेंगे और टुकड़ो में काट लेंगे।
  2. अब मिक्सी के जार में कटी हुई मिर्च, लहसुन कलियाँ, नमक और दो टीस्पून पानी डालकर महीन पीस लेंगे।
  3. अब एक पैन में तेल गरम करेंगे और यह पेस्ट डाल कर धीमी आंच पर पकने देंगे।
  4. जब तेल तैरने लगे तब गैस बंद कर देंगे।
  5. हमारी स्वादिष्ट लहसुन अचारी लाल मिर्च की चटनी बन कर तैयार है।
  6. इसे हम गर्म घी से चुपड़े फुलकों / सादे पराठों के साथ परोसेंगे।
  7. यह चटनी, बाजरे, मक्की की रोटी और बाटी के साथ भी बहुत स्वादिष्ट लगती है। ठंडी रोटी और दही/छाछ के साथ भी यह बहुत अच्छी लगती है।

सुझाव:

  • यदि अचारी लाल मिर्च न मिल रही हो तो आप लाल शिमला मिर्च का उपयोग कर सकते हैं।
  • यदि ज्यादा तीखी चटनी पसंद करते हों तो इस में अपने स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर डाल लें।
  • इसे बनाकर फ्रिज में रख सकते हैं। 3-4 दिन तक खराब नहीं होती।