स्नेहा/नव्या आज मैं तुम्हे कुल्फी किस प्रकार बनाई जाती है सिखाने जा रही हूँ।
सामग्री:
- दूध (फुल क्रीम) – 2 लीटर
- कंडेंस्ड मिल्क (मिल्कमेड) – 1 टिन (400 ग्राम)
- अमूल फ्रेश क्रीम – 1 पेकेट (250 ml)
- चीनी – 1 छोटी कटोरी
- बेकिंग पाउडर – 1/2 टी स्पून
- हरी इलायची (बारीक कुटी हुई) – 5
- जायफल पाउडर – एक चुटकी
- एसेंस – रोज़ / इलायची – 2 बूँद
- भुना हुआ बेसन – 2 टी स्पून
- केसर की पत्तियां – 5
- नारियल का बूरा – 1 टेबल स्पून
- पीला फ़ूड कलर – एक चुटकी
- कटे हुए काजू / बादाम – आधी कटोरी
- घी – 1/2 टी स्पून
विधि:
- एक भारी तले वाली कढ़ाई के अन्दर की सतह पर हम घी लगाएंगे और अब इस में हम दूध डालकर इसे उबलने के लिए गैस पर चढ़ायेंगे।
- जब ढूध में उबाल आ जायेगा तब हम आंच को धीमा कर देंगे और 15-20 मिनट उबलने के बाद इसमें बेकिंग पाउडर मिलाएंगे।
- बीच बीच में पलटे की सहायता से दूध को मिलाते रहना है अन्यथा जलने का डर है। बीच बीच में कढाई के किनारों पर दूध की मलाई लगती है उसे पलटे की सहायता से खुरच कर वापस दूध में मिलाते रहना है।
- धीमी आंच पर ढूध तब तक उबालेंगे जब तक वो आधा न रह जाये।
- अब हम दूध में केसर की पत्तियाँ, कन्डेन्स्ड मिल्क,अमूल क्रीम,चीनी,पीला कलर, नारियल का बूरा, जायफल पाउडर और कुटी हुई इलायची डालेंगे और एक मिनट तक लगातार पलटे से चलाएंगे और उबलने देंगे।
- एक कटोरी में हम 2 टी स्पून भुना हुआ बेसन लेंगे और 2 टेबल स्पून सादा दूध डालकर कर पेस्ट बना लेंगे ।
- अब इस बेसन वाले पेस्ट को हम कढ़ाई जिसमें दूध उबल रहा है डालेंगे और लगातार चलाते रहेंगे ताकि बेसन का पेस्ट जो हमने डाला उसकी गुठलियां न पड़े।
- करीब पांच मिनट बाद हम गैस बंद कर देंगे और दूध को ठंडा होने देंगे।
- जब दूध ठंडा हो जाये तब हम इस में बारीक कटे हुए काजू बादाम और 2 बूँद एसेंस डालेंगे और अच्छे से मिलाकर किसी एयर टाइट कंटेनर/डब्बे में ढक्कन लगा कर जमने के लिए 8 – 10 घंटे फ्रीजर में रख देंगे।
- अब हमारी घर पर बनी हुई स्वादिष्ट कुल्फी तैयार है। इसे मनचाहे आकार में काटकर परोसें।
सुझाव:
- ध्यान रखें कि कढ़ाही की सतह पर घी लगाने के बाद उसे बिना दूध डाले सीधे गर्म ना करें अन्यथा जलने की स्मेल हो जाएगी। घी इसलिए लगाया जाता है ताकि कढ़ाही की सतह पर कम दूध चिपकता है।
- दूध को बीच बीच में पलटे की सहायता से चलाते रहना ताकि दूध चिपके ना वरना जलने का डर रहता है।
- कुल्फी हमेशा एयर टाइट कंटेनर में ही जमायें ताकि इसमें आइस क्रिस्टल्स न बने।
- परोसते समय इस पर काजू बादाम की कतरने और कुटी हुई इलायची भी डालेंगे तो इसका स्वाद दुगना हो जता है।
- काजू बादाम को दूध ठंडा होने के बाद ही डालें।
- बेसन को किसी कढाई या तवे पर बिना घी या आयल डाले धीमी आंच पर भूने। लगातार पलटते रहें ताकि वो जल ना जाये।