रोटी के टुकड़े / कवे / गासिये या रोटी-उपमा और प्याज का रायता

स्नेहा, नव्या अक्सर ऐसा होता है कि खाने के बाद काफी सारी रोटियां बच जाती हैं। हमारे राजस्थान में इन बची हुई ठंडी रोटियों से एक डिश बनायीं जाती है जिसको टुकड़े (कवे या गासिये) के रूप में जाना जाता है।
इसे बनाने की विधि इस प्रकार है।

सामग्री:

  • ठंडी बची हुई रोटीयाँ – 8/10
  • तेल – 2 टेबल स्पून
  • जीरा – 1/4 टी स्पून
  • हल्दी – 1/4 टी स्पून
  • मिर्च – 1.5 टी स्पून
  • धनिया – 1.5 टी स्पून
  • नमक – 1 टी स्पून या स्वादानुसार
  • आलू – 2 मध्यम साइज़
  • प्याज़ – 2 मध्यम साइज़
  • लहसुन – 8 कलियाँ
  • हरी मिर्च – 3 (छोटी)
  • कटा हुआ हरा धनिया
  • पानी आवश्यकतानुसार

विधि:

प्याज़ छील कर मोटा मोटा काट लें, आलू धोकर छीलें और काट लें, एक कटोरी में पिसा हुआ लहसुन, हल्दी, मिर्च, धनिया, नमक और पानी डालकर पेस्ट बना लें,

अब गैस पर एक पैन में तेल गर्म करें और उस में जीरा चटका कर कटे हुए आलू डालकर हलके भूरे होने तक तलें, फिर मोटे कटे हुए प्याज़ डालें और हलका सा भून लें, ध्यान रहे कि प्याज़ ज्यादा न पके। अब इस में जो हमने मसालों का पेस्ट बनाया था उसे डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब मसाला पक जाये और तेल तैरने लगे तब इसमें 2 या 3 कप पानी डालें और उबाल आने पर इस में रोटियों के टुकड़े डालकर मिक्स करें तथा ढक्कन लगा कर तीन-चार मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। जब रोटियां थोड़ी सॉफ्ट हो जायें (ज्यादा गले नहीं) तब गैस बंद कर दें और इस में कटा हुआ हरा धनिया और हरी मिर्च डाल दें और कुछ देर के लिए ढक्कन लगा रहने दें।

सुझाव:

  1. टुकड़े रात की बची हुई रोटियों से सुबह या सुबह की बची हुई रोटियों से शाम को बनायेंगे तभी अच्छे बनते हैं।
  2. ताज़ा बनी हुई रोटियों से अगर हम टुकड़े बनायेंगे तो वो बहुत ज्यादा गल जाएगी और अच्छी नहीं लगेगी।
  3. ठंडी रोटियों के अतिरिक्त ठंडी पूड़ी या ठन्डे सादे परांठो से भी टुकड़े / कवे बनाये जा सकते हैं
  4. गर्मागर्म टुकड़ों / कवे को कटे हुए प्याज़, नीबू और घी के साथ खाया जाये तो अधिक स्वादिष्ट लगते हैं।
    साथ में प्याज़ का रायता या छाछ हो तो स्वाद और भी निखर जाता है

प्याज़ का रायता – राजस्थानी स्टाइल

सामग्री:

  • दही – 3 कटोरी
  • पानी – 1 कटोरी
  • प्याज़ – 2 कटे हुए
  • तेल – 2 टी स्पून
  • राइ साबुत – 1/4 टी स्पून
  • जीरा – 1/4 टी स्पून
  • हल्दी – 1/4 टी स्पून
  • लाल मिर्च – ¼ टी स्पून
  • पीसी हुई राइ – 1/4 टी स्पून
  • नमक – 1/4 टी स्पून या स्वादानुसार

विधि:

एक बर्तन में दही को पानी मिलाकर फेंट लें और उसमें नमक, मिर्च, पीसी हुई राइ और कटे हुए प्याज़ डालकर मिला लें। अब एक पैन में तेल गरम करें और उस में साबुत राइ और जीरा डालें। जब राइ जीरा चटकने लगे तब गैस बंद कर दें। अब इसमें हल्दी डालकर मिक्स करें और तुरंत इस छौंक / तडके को दही में डाल दें वर्ना हल्दी जल सकती है।

सुझाव:

  1. दही ज्यादा खट्टा न हो यह ध्यान रखें।
  2. रायता एक दो घंटे पहले बना हुआ हो तो उसमें पीसी हुई राइ का स्वाद भी आ जाता है, और प्याज़ भी गल जाते हैं और तीखे नही लगते।