स्नेहा/नव्या मैं आज तुम्हे कांजी वड़ा कैसे बनाते हैं सिखाने जा रही हूँ। यह बनाने में बहुत ही आसान और खाने में बहुत स्वादिष्ट होते हैं। मेरी मम्मी होली/दीवाली के अवसर पर अक्सर बनाया करती थी।
सामग्री:
- वड़ा की सामग्री:
- तेल (वड़े तलने के लिए) – आवश्यकता अनुसार
- पीली मूंग दाल (मोगर) – 1/2 कटोरी
- धुली हुई उरद दाल – 1/2 कटोरी
- मीठा सोडा – 1 चुटकी
- कांजी की सामग्री:
- पानी (उबाल कर ठंडा किया हुआ) – 2 लीटर
- राई (पिसी हुई) – 1 टीस्पून
- सरसों (पिसी हुई) – 1 टीस्पून
- हींग (पिसी हुई) – 1/4 टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – 1/2 टीस्पून
- नमक – 1/2 टीस्पून
- सौंफ – 1/2 टीस्पून
- छाछ – 1 टेबल स्पून
- पिसा हुआ भुना हुआ जीरा – 1 टीस्पून
विधि:
कांजी बनाने की विधि:
- सबसे पहले बड़े कांच या चीनी के बर्तन या मर्तबान में सारे मसाले अर्थात राई, सरसों, हींग, लाल मिर्च, नमक, सौंफ, छाछ, भुना जीरा व पानी डालेंगे और अच्छे से मिलाएंगे।
- अब हम इसको नीचे लिखे तरीके से फलवासेंगे यानी धुआँर देंगे।
- धुआंर देंने के लिए के लिए एक कोयले के टुकड़े को हम गैस स्टोव पे धीमी आंच पर लाल होने देंगे और गैस बंद कर देंगे।
- जिस बर्तन में हमने कांजी बना कर रखी उसमे एक छोटी स्टील की कटोरी इस प्रकार से रखेंगे कि कटोरी सतह पर ही रहे व कांजी में न डूबे।
- अब जो कोयला हमने गर्म किया है उसे चिमटे की सहायता से कटोरी में रखेंगे और उस पर 2 टी स्पून घी डालेंगे जिस से धुआं आने लगेगा, तुरंत बर्तन को ढक देंगे।
- 5 से 10 मिनट तक ढक्कन लगा कर रखेंगे और उसके बाद कटोरी और कोयला निकाल देंगे।
- अब इस पानी को 8 – 10 घंटे के लिए ढक कर रख देंगे।
वड़े बनाने की विधि:
- हम दोनों दालों को साफ पानी से धो लेंगे और किसी बड़े गहरे बर्तन में तिगुने पानी में भीगो देंगे 5 – 6 घंटो के लिए।
- अब भीगी हुई दाल का सारा पानी निथार देंगे और ग्राइंडर की सहायता से दाल पीस कर रख लेंगे।
- अब भीगी हुई दाल को किसी किनारे वाली प्लेट में निकाल लेंगे और हाथ से एक ही दिशा मे कम से कम 8 मिनटतक फेंटेंगे जब दाल का रंग सफेद दिखने लगे तब उसमें सोडा डालेंगे और 2 मिनट के लिए फेंटेंगे।
- अब एक कड़ाही में तेल गरम करेंगे और दाल का जो घोल हमने तैयार किया है उसके माध्यम आकार के वडे बनाएंगे।
धीमीं आंच पर वडे को हल्का भूरा व कुरकुरे होने तक तलेंगे। सारे वडे इस प्रकार से बनाकर रख लेंगे। - अब एक बड़े बर्तन में हम सादा पानी लेंगे और वडो को 15 मिनट के लिए भिगो देंगे।
- अब इन वडो को हथेलियों के सहायता से निचोड़ कर पानी निकाल देंगे।
- अब इन वडो को जो काँजी का पानी जो हमने तैयार किया है उस में डाल देँगे।
- अब हमारे कांजी बड़े बन कर तैयार है।
- परोसने के लिए हम एक बाउल लेंगे उस में 2/3 वडे लेंगे उस पर थोड़ी सी पिसी हुई लाल मिर्च, नमक, और पिसा भुना जीरा छिड़क कर कांजी का पानी डालेंगे और स्वाद लेंगे।
सुझाव:
- यदि आप सर्दी के मौसम में कांजी बना रहे है तो 24 घंटे का समय लगता है पानी में राई और सरसों का फ्लेवर आने में।
- गर्मी के मौसम में 8 /10 घंटे में कांजी तैयार हो जाती है।
- तैयार कांजी को फ्रिज में रखे अन्यथा कांजी का पानी बहुत खट्टा हो जाता है।
- वड़े बनाने से पूर्व एक कटोरी में पानी लें उस में एक चम्मच दाल का घोल डालें, डालते ही घोल ऊपर तैरना चाहिए इसका मतलब है कि दाल बहुत अच्छी तरह से फेंटी जा चुकी है। यदि वह पानी में फेल जाती है तो हमे दाल को और कुछ देर और फेंटना पड़ेगा।
- वडों को तलते समय ध्यान रखें कि यदि तेल ज्यादा गर्म होगा तो वड़े तुरंत सिक तो जाएंगे परंतु अंदर से कच्चे रह जाएंगे और तेल भी ज्यादा सोख लेंगे। धीमी आंच पर तलना है वरना वो अंदर से कच्चे रह जाते है।