आज दिन में लंच क्योंकि देर से किया था तो आज डिनर मैं हल्का फुल्का खाने की डिमांड हुई तो नव्या मैंने तुम्हारी पसंद का टोमेटो सूप बनाया है। इसको बनाने की विधि इस प्रकार है।
सामग्री:-
- टमाटर बड़े – 5-6
- प्याज – 2 मध्यम साइज़
- लहसुन की कलियाँ – 4-5
- अदरक – एक छोटा टुकड़ा
- चीनी – आधा टी स्पून
- नमक – 3/4 टी स्पून या स्वादनुसार
- लाल मिर्च पाउडर – 1/4 टी स्पून
- पीसी हुई काली मिर्च – 1/4 टी स्पून
- कॉर्न फ्लोर – 3 टी स्पून
- फ्रेश क्रीम
- दूध – आधा कटोरी
- बटर – 1 टी स्पून
विधि:-
सबसे पहले टमाटर धोकर उन्हें कूकर में प्याज, लहसुन, अदरक, नमक और 2 कटोरी पानी डालकर गैस पर उबलने के लिए 4 सीटी आने तक रख देना। जब कूकर ठंडा हो जाए तो उसमे से सारी चीज़ें निकाल कर हैण्ड ब्लेंडर से पीस कर छान लेना और अब इसमें आवश्यकता अनुसार पानी मिलाकर एक पतीले मैं गैस पर दुबारा उबलने के लिए रख देना। अब इसमे चीनी, लाल मिर्च, नमक, काली मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स कर देना।
अब एक कटोरी ठन्डे पानी मे 3 टी स्पून कॉर्न फ्लोर डालकर इस तरह मिक्स करना कि गुटली ना पड़े फिर इस घोल को उबलते हुए टमाटर वाले पानी में मिलाना है और दो तीन मिनट तक पकाकर गैस बंद कर देना। अब इसमे दूध, क्रीम और बटर मिला देना। टोमेटो सूप बनकर तैयार है। इसे बाउल में क्रीम, थोडा सा बटर और क्रूटोंस के साथ गर्मागर्म सर्व करना।
सुझाव:-
- कॉर्न फलोर ठन्डे पानी मे मिलाना, गरम पानी मे मिलाओगी तो उस में गुटली पड जाती है।
- घुले हुए कॉर्न फ्लोर को उबलते हुए सूप में डालकर लगातार मिक्स करते रहना जब तक उसमें उबाल न आ जाये। अगर मिक्स नहीं करेंगे तो गुटलियां पड़ सकती है।
- कॉर्न फ्लोर, सूप को गाढा करने के लिए डाला जाता है। कॉर्न फ्लोर आजकल किसी भी किराने की दूकान या डिपार्टमेंटल स्टोर जैसे बिग बाज़ार, रिलायंस फ्रेश आदि में मिल जाता है।
- कॉर्न फ्लोर मक्का का आटा नहीं होता बल्कि कॉर्न स्टार्च होता है।