स्नेहा/नव्या आज मैंने तुम्हारे पसंदीदा छोले और भटूरे बनाये है। पहले छोले बनाने की विधि सीखते हैं:
छोले / Chole

सामग्री:
- छोले (काबुली चने) – 200 ग्राम
- चना दाल – 100 ग्राम
- आलू (बड़े) – 2
- मीठा सोडा – एक चुटकी
- टी बैग – 1 (या एक चम्मच चाय पत्ती एक साफ कपड़े में बांध कर पोटली बना लेंगे)
- तेल – 3 टेबल स्पून
- टमाटर (बड़े) – 3
- प्याज़ (बड़े) – 2
- लहसुन – 4 कलियाँ
- अदरक – 1/2 इंच टुकड़ा
- हल्दी – 1/4 चम्मच
- पिसी हुई लाल मिर्च – 1 टीस्पून
- धनिया – 1 टीस्पून
- नमक – 1 टीस्पून
- MDH छोले मसाला – 2 टीस्पून
- MDH गरम मसाला – 1 टीस्पून
- MDH किचन किंग मसाला – 1 टीस्पून
- पिसा हुआ अमचूर – 1/2 टीस्पून
- भुना हुआ बेसन – 1 टीस्पून
- कसूरी मेथी – 1 टीस्पून
- देगी मिर्च (पीसी हुई) – 1 टीस्पून
- हरा धनिया – 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
विधि:
- सबसे पहले छोले और चने की दाल को साफ पानी से धोकर 7/8 घंटे के लिए तिगुने पानी में भिगो देंगे। जब छोले/दाल ठीक से भीग जाएँ तब दुबारा साफ़ पानी से धो लेंगें।
- अब हम एक कुकर में छोले, चना दाल और छीले हुए आलू डालेंगे और उनसे दोगुना पानी उसमें आधा चम्मच नमक और एक चुटकी सोडा डाल कर अच्छे से मिलाएंगे और चाय की पोटली जो बनाई थी डालेंगे और 2 सिटी के बाद जैसे ही तीसरी सीटी आने लगे गैस बंद कर देंगे।
- ग्रेवी की विधि:
- एक पतीले में टमाटर, प्याज़, लहसुन और अदरक को थोड़ा सा पानी डाल कर ढक देंगे और गैस पर 6-7 मिनट तक उबालेंगे और जब यह ठंडा हो जाये तब मिक्सी की सहायता से पीस लेंगे और प्यूरी बना लेंगे।
- अब हम एक बड़े पतीले या कड़ाही में तेल अच्छे से गरम करेंगे और फिर आंच को धीमा कर देंगे।
- अब उसमें देगी मिर्च और कसूरी मेथी डालकर मिलाएंगे और तुरंत जो प्यूरी हमने बनायी है वो डाल देंगे और चमच्च से मिलाएंगे।
- अब इस में हम हल्दी, पिसी हुई लाल मिर्च, धनिया, नमक, छोले मसाला, गरम मसाला, किचन किंग मसाला डालेंगे और धीमी आंच पर पकने देंगे।
- जब मसाला पक जाए और तेल तैरने लगे तब इस में हम अमचूर पाउडर और भुना हुआ बेसन डालेंगे।
- अब ऊपर बनी ग्रेवी में उबले हुए छोले, दाल और आलू (आलू को फोड़ लेंगे) डालेंगे और जो पानी जिसमें छोले उबाले थे वो थोड़ा सा डालेंगे और मिक्स करके धीमी आंच पर 5 मिनट तक ढक कर उबालेंगे और गैस बंद कर देंगे।
- अब हमारे छोले बन कर तैयार है। इन्हें हम पूरी, भटूरे या कुलचे के साथ परोसेंगे।
सुझाव:
- जब भी छोले उबाले ध्यान रहे वो सॉफ्ट हो जाये, दाना पूरा दिखाई दे और मुंह में लेते ही घुल जाये।
- ग्रेवी न ज्यादा पतली हो न गाढ़ी इस बात का ध्यान रखें।
- जब छोले उबल जाए तो जो चाय पत्ती की पोटली बनाई थी उसे निकाल देंगे। यह सिर्फ छोलों में कलर लाने के लिए डाली जाती है।
- परोसने का तरीका: एक बाउल/कटोरे मैं छोले परोसेंगे अब उसके ऊपर एक चम्मच हरी चटनी, एक चम्मच मीठी चटनी, कटी हुई हरी मिर्च, कटा हुआ प्याज़ और कटा हुआ हरा धनिया डाल कर सर्व करेंगें।
- हरी मिर्च से बीज निकाल दें परोसने से पहले।
भटूरे / Bhature
अब भटूरे बनाना सीखते हैं:
सामग्री:
- तेल (भटूरा तलने के लिए) – आवश्यकता अनुसार
- मैदा – 2 कटोरी
- सूजी – 1 टेबल स्पून
- चीनी – 1 टीस्पून
- नमक – 1.5 टीस्पून
- मीठा सोडा – 1/4 टीस्पून
- बेकिंग पाउडर – 1 टीस्पून
- आयल(मोयन) के लिए – 4 टेबलस्पून
- दही – 1/2 कटोरी
- पानी – आवश्यकता अनुसार
विधि:
- एक परात में हम मैदा और सूजी छान लेंगे और इसमें चीनी, नमक, मीठा सोडा, बेकिंग पावडर, तेल और दही डालकर मिलाएंगे और थोड़ा पानी डालकर 7 – 8 मिनट तक गूंथेंगे।
- नरम आटा गूंथेंगे और तेल लगा कर 2 – 3 घंटे तक खमीर उठने के लिए रख देंगे।
- आटा जब फूलकर दुगना हो जाये और हल्की सी जाली दिखने लगे तब भटूरे बनाने के लिए आटा बिल्कुल सही है।
- सारी लोइयां बनाकर रख लेंगे।
- एक कड़ाही में तेल गरम करेंगे और तेज आंच कर देंगे।
- अब भटूरे तेल या सूखा मेदा लगाकर बेलेंगे और गरम तेल में डालेंगे और झारी से हल्का सा दबा कर फुला लेंगे और दोनों तरफ से हल्का भूरा होने तक तल लेंगे।
- भटूरे हमारे अब बन कर तैयार हैं। इनको अब छोले के साथ सर्व करेंगे।
सुझाव:
- भटूरे गरम ही अच्छे लगते हैं। सर्दियों में खमीर उठने में 4-5 घंटे का समय लग जाता है। गर्मियों में 2-3 घंटे में ही खमीरआ जाता है।
- ध्यान रहे कि आटा ज्यादा खट्टा ना हो जाये।
- भटूरे थोड़े मोटे बेले जाते हैं और बड़े आकार के बनाये जाते हैं।