आलू के परांठे [Aaloo ke Paranthe]

स्नेहा/ नव्या आज मैं तुम्हे तुम्हारे मन पसंद आलू के परांठे मै कैसे बनाती हूँ सिखाने जा रही हूँ।

सामग्री:

  • गेहू का आटा – 2 कटोरी
  • नमक -1/4 टीस्पून
  • अजवाइन-1/4 टीस्पून
  • घी – परांठे तलने के लिए

भरावन की सामग्री

  • आलू (उबले हुए) – 5
  • हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) – 2
  • अदरक (बारीक कटा हुआ) – 1/2 इंच पीस
  • भुना जीरा – 1 टीस्पून
  • चाट मसाला – 1/2 टीस्पून
  • पिसा हुआ गर्म मसाला – 1/2 टीस्पून
  • नमक – स्वाद अनुसार
  • हींग पिसी हुई – 1 चुटकी
  • सौंफ – 1/4 टीस्पून
  • पिसी लाल मिर्च -1/4 टीस्पून
  • साबूत धनिया-1/4 टीस्पून
  • सरसों का तेल 1 टीस्पून
  • अमचूर – 1/2 टीस्पून
  • हरा धनिया – 2 टेबल स्पून

विधि:

  1. एक परात में आटा लेंगे उसमें नमक, अजवाइन डालकर पानी की सहायता से नरम आटा घूंथ कर 15 मिनट तक ढक कर रख देंगे।
  2. अब एक बड़े बाउल / गहरे बर्तन में उबले हुए आलू को बहुत अच्छे से मैश कर लेंगे (मसल लेंगें) और उस में बारीक कटी हुई मिर्च, अदरक, सारे मसाले और सरसों का तेल डाल कर मिक्स करेंगें और कटा हुआ हरा धनिया भी डाल देंगे।
  3. अब हम आटे की लोई लेंगे उस पर सूखा आटा लगा कर रोटी के आकार का बेल लेंगे और उस पर चम्मच की सहायता से घी लगायेंगे और आलू का जो मसाला हमने बनाया है उसे रोटी के बीच में रख कर चारो तरफ से रोटी को बन्द कर देंगे और उसे फिर से लोई का आकार देंगे।
  4. अब इस आलू के मसाले से भरी हुई लोई चकले पर सूखा आटा लगाकर बहुत ही हल्के हाथ से बेलेंगे।
  5. अब गैस पर गरम तवे पर इस परांठे को डालेंगे और घी लगाकर मध्यम आंच पर दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेक लेंगे। सारे परांठे इसी प्रकार से सेक लेंगे।
  6. अब हमारे आलू के परांठे बनकर तैयार हैं। हम इन्हें दही,मक्खन और हरी चटनी/ इमली की चटनी/टोमेटो सॉस और अचार के साथ परोसेंगे।

सुझाव :

  • भरावन के मसाले में एक छोटी टीस्पून सरसों का तेल डालने से इस में अचारी फ्लेवर आता है। पर एक टीस्पून से ज्यादा न डालें वरना स्वाद कड़वा हो जाता है।
  • आलू उबालते समय पानी में थोड़ा नमक अवशय डालें।
  • इन्हें गरम ही खाएं ठंडे होने पर इनका स्वाद बदल जाता है।
  • कूकर में आलू उबालें तो पांच-छः सिटी आने तक अच्छे से उबालने हैं।
  • यदि आपके पास सरसों का तेल ना हो तो किसी भी अचार का तेल उपयोग में ले सकते हैं।
  • मैंने इसमें MDH का गर्म मसाला और चंकी चाट मसाला उपयोग में लिया है।