स्नेहा कल रात को मैंने डिनर में जो चावल बनाये थे वो काफी मात्रा में बच गए है। मैं सोच रही हूँ कि क्यों न आज तुम दोनों बहनों को दही के चावल बनाना सिखाऊँ जो नव्या को बहुत पसंद है। यह मैं जब छोटी थी तब मेरी मम्मी (तेरी नानीसा) हैदराबाद में अकसर बनाया करती थी। यह गर्मी के दिनों में बहुत अच्छे लगते हैं।
दद्दोजनम (दही के चावल) बनाने की विधि जानने के लिए नीचे क्लिक करें
इसे बनाने के लिए हमे चाहिये:-
सामग्री:
- उबले हुए चावल – 1 बड़ा बाउल
- दही (ज्यादा खट्टा ना हो) – डेढ़ कटोरी
- तेल – 2 टेबल स्पून
- कुछ दाने मेथी के
- जीरा – 1 टी स्पून
- राइ – 1 टी स्पून
- चने की दाल – 2 टी स्पून
- उड़द की दाल – 2 टी स्पून
- मूंगफली दाना – 2 टी स्पून
- साबुत लाल मिर्च – 2 या 3
- करी पत्ते – 5 या 6
- पीसी हुई हींग – 1 चुटकी
- पीसी हुई काली मिर्च – 2 चुटकी
- कटी हुई हरी मिर्च – 3 या 4
- नमक – स्वादनुसार
- पानी – आवश्यकतानुसार
विधि:
- सबसे पहले कढ़ाई में तेल गरम करेंगें और उसमे राई, जीरा और मेथी के दाने डालेंगें।
- जब राई, जीरा चटकने लगे तब मूंगफली के दाने, चना दाल, उड़द दाल, करी पत्ते, साबुत लाल मिर्च, कटी हुई हरी मिर्च डालकर एक दो मिनट के लिए हिलाएंगे और गेस बंद कर देंगे।
- किसी बड़े बर्तन में उबले हुए चावल लेंगे और चावलों को नमक, हींग, पीसी हुई काली मिर्च, दही और आधी कटोरी पानी के साथ अच्छे से मेश कर लेंगे(मसल लेंगे)।
- अब इसमें छौंक/तड़का को थोडा ठंडा करके पहले से रखे गए दही-चावल के मेश में डाल कर अच्छे से मिक्स कर लेंगे और हरे धनिये की पत्तियाँ डालकर सजा देंगे।
सुझाव:
- इन चावलों को बनाते समय यह ध्यान रखें कि गर्मी के मौसम में ये ज्यादा देर बाहर न रह जाये वरना दही खट्टा होकर चावल बहुत खट्टे हो जाते हैं। इनको फ्रिज में रखें।
- बनाते ही तुरंत इनको नहीं खाया जाता है। आधा एक घंटे बाद जब दालें और मूंगफली थोड़ी नर्म हो जाती है तब परोसेंगे।
- यह रात के बचे हुए चावल सुबह अथवा सुबह के बचे हुए चावल शाम को बनायें तभी अच्छे लगेंगे। तुरंत उबाले हुए चावलों में अच्छा स्वाद नहीं आता।
- हींग छौंकते समय नहीं डाली जाएगी। इसको सीधा दही चावल में ही मिक्स किया जाता है।
- यदि चावलों ने सारा दही सोख लिया हो तो उसमे थोडा सा पानी डाल कर मिक्स कर लें।
Hey Jija ..I tried this recipe today. It came out really well.Super yummy.Thanks 🙂
Happy to know this Bhawna. 🙂