नव्या बिटिया आज लंच में तुम्हारे फेवरेट राजमा चावल बनाये हैं। मुझे पता है स्कूल से घर आते ही जब तुम्हे ये पता चलेगा तो तुम कितनी खुश हो जाओगी। अगली बार ये तुमसे बनवाना है इसलिए यहाँ लिखी विधि को ध्यान से पढ़ लेना।
सामग्री (चावल – जीरा राइस):
- बासमती चावल – 1 बड़ी कटोरी
- पानी – 2-3 कटोरी
- नमक – 1 टी स्पून
- जीरा – 1 टी स्पून
- तेल या घी – 2 टी स्पून
विधि:
एक बड़ी कटोरी चावल को धोकर आधे घंटे के लिए भिगो लेना, अब एक कूकर में तीन कटोरी पानी डालना और उसमें जीरा, नमक, तेल और भीगे हुए चावल डाल कर गैस की आंच पर रख देना। जैसे कूकर की पहली सीटी आ जाये और दूसरी आने वाली हो तब गैस बंद कर देना।
सुझाव:
नव्या बिटिया, चावल बनाते समय यह ध्यान रखना कि जिस कटोरी के नाप से आपने चावल लिये हैं उसी कटोरी के नाप का पानी लेना।
सामग्री (राजमा):
- राजमा – 1 बड़ी कटोरी
- धुली हुई उड़द की दाल – आधी कटोरी
- तेल – 1 टेबल स्पून
- मिर्ची पाउडर – 2 टी स्पून
- नमक – 1 टी स्पून
- बारीक़ कटे हुए प्याज – 2 प्याज
- अदरक और लहसुन का पेस्ट – 2 टी स्पून
- टमाटर का पेस्ट – 3 टमाटर
- फेंटा हुआ दही – 1 टी स्पून
- पिसा हुआ गरम मसाला – 1 टी स्पून
- कसूरी मेथी – 1 टी स्पून
- कटा हुआ धनिया – 1 टेबल स्पून
- फेंटी हुई मलाई (क्रीम) – 1 टेबल स्पून
विधि:
रात को एक कूकर में राजमा और उड़द दाल को धोकर थोडा सा नमक डालकर भिगो देना और सुबह जिस पानी में राजमा भिगोया है उसको फेंक देना (यदि उसी पानी मैं पकाओगी तो हल्की सी स्मेल आने लगेगी)। अब 4-5 बड़ी कटोरी पानी मैं नमक डालकर राजमा और उड़द की दाल को कूकर में 3-4 सीटी आने तक पका लेना।
अब एक बड़े पेन में तेल गरम करना उसमें साबुत लाल मिर्च और जीरा डालना। जीरा चटकने के बाद कटे हुए प्याज डालकर अच्छे से भून लेना। जब प्याज भूरे रंग के हो जाये तब इसमें मिर्च पाउडर, नमक, धनिया पाउडर, अदरक लहसुन का पेस्ट, पिसा हुआ टमाटर, फेंटा हुआ दही डालकर अच्छे से मिक्स करना। जब मसाला पाक जाये और तेल छोड़ने लगे तब इसमें जो दाल और राजमा पहले से उबाल कर रखा है उसको डाल देना और आवश्यकतानुसार पानी डाल देना। एक उबाल आने के बाद गैस बंद कर देना। अब इसमें कसूरी मेथी, हरा धनिया, गरम मसाला और फेंटी हुई मलाई (क्रीम) डाल देना।
सुझाव:
- बहुत से लोग इसमें उड़द की दाल नहीं डालते लेकिन मैं इसमें धूलि हुई उड़द की दाल डालती हूँ (छिलके वाली नहीं) ये मेरा तरीका है। इसका कारण यह है कि दाल डालने से राजमा की सब्जी अच्छी गाढ़ी गाढ़ी बनती है।
- जब दाल और राजमा उबल जाये तो हमेशा इस बात का ध्यान रखना की दाल तो बहुत अच्छे से उबलनी चाहिए लेकिन राजमा ओवर कुक ना हो जाये।
- ठीक इसी तरह से माह की दाल भी बनती है उसमे राजमा, काले उड़द की दाल और चने की दाल का प्रयोग किया जाता है।